समर्थ पोर्टल की गड़बड़ी से अटका प्रमोशन, चार लाख छात्र-छात्राओं की पढ़ाई पर संकट

डेटा अपडेट न होने से विषम सेमेस्टर परीक्षा फार्म भरने में आ रही दिक्कत, विवि प्रशासन में मचा हड़कंप

Shivansh Jha
2 Min Read
Highlights
  • बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ने करीब 4 लाख छात्रों को प्रमोट किया, लेकिन पोर्टल पर नहीं दिख रहा अपडेट
  • पोर्टल की धीमी प्रक्रिया और तकनीकी खामियों से प्रवेश प्रक्रिया भी प्रभावित
  • विश्वविद्यालय प्रशासन ने एक हफ्ते में समस्या समाधान का दिया भरोसा

झांसी |  बुंदेलखंड विश्वविद्यालय (BU) में समर्थ पोर्टल की गड़बड़ियों ने एक बार फिर छात्रों की परेशानी बढ़ा दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने पिछले सत्र के लगभग चार लाख छात्र-छात्राओं को अगली कक्षा में प्रमोट तो कर दिया, लेकिन समर्थ पोर्टल पर अब तक उनका डेटा अपडेट नहीं हुआ है। नतीजतन, विषम सेमेस्टर की परीक्षाओं के लिए फार्म भरने में बड़ी बाधा आ गई है।

समर्थ पोर्टल फिलहाल अपनी जिम्मेदारियां निभाने में लगातार असमर्थ साबित हो रहा है। कभी पोर्टल खुलता ही नहीं, तो कभी प्रवेश प्रक्रिया बीच में ही अटक जाती है। यही वजह है कि अभी तक कई यूजी-पीजी कोर्सों में प्रवेश प्रक्रिया अधूरी पड़ी है।

अब जब विषम सेमेस्टर की परीक्षा के लिए फार्म भरने की बारी आई, तब विवि प्रशासन को एहसास हुआ कि पोर्टल पर पिछले सत्र में प्रमोट हुए छात्रों का डेटा ही अपलोड नहीं हुआ है। इसका असर कैंपस और संबद्ध कॉलेजों के हजारों विद्यार्थियों पर पड़ रहा है, जो अब भी पुराने सेशन की क्लास में दिख रहे हैं।

BU के कुलसचिव ज्ञानेश कुमार शुक्ला ने माना कि यह एक बड़ी तकनीकी समस्या है। उन्होंने बताया कि समर्थ पोर्टल अधिकारियों के साथ शनिवार को ऑनलाइन बैठक निर्धारित की गई है और दावा किया कि एक सप्ताह के अंदर सभी छात्रों का डेटा अपडेट कर दिया जाएगा। डेटा अपलोड होने के कुछ दिन बाद ही विषम सेमेस्टर के परीक्षा फार्म भरने की प्रक्रिया शुरू होगी।

Share This Article
Leave a Comment