झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय का 30वां दीक्षांत समारोह आगामी 27 अगस्त, बुधवार को आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल समारोह की अध्यक्षता करेंगी, जबकि डीआरडीओ की महानिदेशक डॉ. चंद्रिका कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में छात्र-छात्राओं को संबोधित करेंगी।
कुलपति प्रोफेसर मुकेश पांडे ने प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि इस वर्ष 67 छात्रों को पीएचडी शोध उपाधि और विश्वविद्यालय व संबद्ध महाविद्यालयों के 35,009 छात्रों को स्नातक एवं परास्नातक की डिग्रियां प्रदान की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि 34 छात्रों को कुलाधिपति पदक प्रदान किए जाएंगे। इनमें एमएससी कृषि की छात्रा ऋषिका द्विवेदी को 92.70% अंकों के साथ स्वर्ण पदक से
सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा 13 छात्रों को रजत पदक और 20 छात्रों को कांस्य पदक दिए जाएंगे। खास बात यह है कि कुल 45 पदकों में से 33 पदक छात्राओं को प्राप्त होंगे।
विश्वविद्यालय में इस बार शोध उपाधियों का वितरण इस प्रकार रहेगा —
-
कला संकाय : 29
-
विज्ञान संकाय : 11
-
शिक्षा संकाय : 13
-
कृषि संकाय : 1
-
वाणिज्य संकाय : 8
-
विधि संकाय : 5
कुल 67 शोध उपाधियों में से 35 छात्र एवं 32 छात्राएं सम्मानित होंगी।
विश्वविद्यालय की उपलब्धियां
कुलपति ने बताया कि बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ने हाल के वर्षों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं —
-
NAAC से A++ ग्रेड मान्यता
-
PM-उषा व मेरु योजनाओं में चयनित
-
ISO प्रमाणित विश्वविद्यालय
-
UGC द्वारा कैटेगरी-वन दर्जा (उत्तर प्रदेश के केवल 4 विश्वविद्यालयों में से एक और देश का 24 वां विश्वविद्यालय)
-
फार्मेसी संस्थान को NIRF में 74वीं रैंक
वर्तमान में विश्वविद्यालय से बुंदेलखंड क्षेत्र के 7 जिलों के लगभग 367 महाविद्यालय संबद्ध हैं, जिनमें 3 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। परिसर में 9 संकायों और 27 विभागों के माध्यम से 100 से अधिक पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें लगभग 10,000 छात्र-छात्राएं पढ़ाई कर रहे हैं।
इस वर्ष प्रदत्त उपाधियों में महिला छात्रों का प्रतिशत 58.32 रहेगा। वहीं कुल पदकों में 73% से अधिक पर छात्राओं का कब्जा होगा।
प्रेस वार्ता के दौरान कुलपति प्रो. पांडे के साथ कुलसचिव एवं परीक्षा नियंत्रक राजबहादुर, वित्त अधिकारी प्रमोद कुमार, वरिष्ठ आचार्य प्रो. एस.पी. सिंह, निजी सचिव अनिल गोरे, निजी सहायक डॉ. अतुल खरे, विवेक अग्रवाल और पत्रकारिता विभाग के समन्वयक डॉ. कौशल त्रिपाठी मौजूद रहे।
वार्ता के दौरान कुलपति के साथ ही कुलसचिव एवं परीक्षा नियंत्रक राजबहादुर, वित्त अधिकारी प्रमोद कुमार एवं वरिष्ठ आचार्य प्रोफेसर एसपी सिंह, कुलपति के निजी सचिव अनिल गोरे एवं निजी सहायक डॉ अतुल खरे, विवेक अग्रवाल,पत्रकारिता विभाग के समन्वयक, डॉ कौशल त्रिपाठी उपस्थित रहे।
