झाँसी/कानपुर। एन.सी.सी ग्रुप मुख्यालय कानपुर द्वारा आयोजित आइडिया एवं इनोवेशन प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण समारोह 3 सितम्बर 2025 को संपन्न हुआ। इस मौके पर मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर सैयद उस्मान अली, कार्यवाहक एडीजी, उत्तर प्रदेश निदेशालय एनसीसी उपस्थित रहे।
इस प्रतियोगिता में कुल 168 कैडेट्स ने भाग लिया, जिनमें से श्रेष्ठ 11 मॉडलों को सम्मानित किया गया। कानपुर ग्रुप को बेस्ट मॉडल का पुरस्कार मिला, जबकि प्रयागराज ग्रुप को “ओवरऑल यूपी डायरेक्टरेट इंटर ग्रुप आइडिया एवं इनोवेशन ट्रॉफी 2025-26” से नवाज़ा गया।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कैडेट्स ने जीता प्रथम स्थान
इस प्रतियोगिता में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झाँसी के दो कैडेट्स ने प्रथम स्थान प्राप्त कर न सिर्फ विश्वविद्यालय बल्कि पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र का नाम रोशन किया।
एनसीसी एएनओ, मेजर (प्रो.) सुनील काबिया ने इसे विश्वविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा –
“हमारे कैडेट्स ने मेहनत और नवाचार की मिसाल पेश की है। एनसीसी युवा प्रतिभाओं को स्टार्टअप और इनोवेशन की दिशा में आगे बढ़ने का मजबूत आधार दे रही है।”
अनुशासन और नवाचार का संगम – कर्नल कक्कर
56 यूपी बटालियन एनसीसी, झाँसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल प्रशांत कक्कर ने कहा कि एनसीसी युवाओं को अनुशासन के साथ-साथ नवाचार की राह भी दिखा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसे प्रयास युवाओं को भविष्य में स्टार्टअप संस्कृति और तकनीकी उद्यमिता से जोड़ने में मदद करेंगे।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कैडेट हेमंत चन्द्रा ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा –
“यह सम्मान मेरे लिए गर्व का क्षण है। यह मेरे प्रशिक्षकों और एनसीसी के मार्गदर्शन का परिणाम है। मैं भविष्य में और बेहतर योगदान देकर विश्वविद्यालय और एनसीसी का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करना चाहता हूँ और इनोवेशन आधारित स्टार्टअप्स में अपनी भूमिका निभाना चाहता हूँ।”
कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर सैयद उस्मान अली ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि –
“आज के युवा भारत के भविष्य निर्माता हैं। नवाचार और सृजनात्मक सोच से ही देश नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा।”
