कोहरे ने बिगाड़ी ट्रेनों की रफ्तार, वंदेभारत से राजधानी तक घंटों लेट पहुंचीं गाड़ियां

दिल्ली से आने वाली अधिकांश ट्रेनें दो से साढ़े चार घंटे देरी से, झांसी में यात्रियों की बढ़ी परेशानी

Harsh vishwakarma
3 Min Read

दिल्ली समेत उत्तर भारत में छाए घने कोहरे का असर सोमवार को भी रेल यातायात पर साफ नजर आया। दिल्ली से आने वाली ट्रेनों की चाल रविवार से बिगड़ी हुई है, जो सोमवार को भी जस की तस बनी रही। देश की प्रीमियम ट्रेनों समेत अधिकांश एक्सप्रेस गाड़ियां निर्धारित समय से घंटों देरी से झांसी पहुंचीं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, निजामुद्दीन से रानी कमलापति जाने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस (20172) करीब 2 घंटे 20 मिनट की देरी से झांसी पहुंची। नई दिल्ली से रानी कमलापति जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस (12002) 3 घंटे 38 मिनट और हजरत निजामुद्दीन से मुंबई जाने वाली मुंबई राजधानी (22222) लगभग 4 घंटे की देरी से स्टेशन पर पहुंची।

इसके अलावा फिरोजपुर से मुंबई जा रही पंजाब मेल (12138) करीब 3 घंटे, हजरत निजामुद्दीन से कन्याकुमारी जाने वाली कन्याकुमारी एक्सप्रेस (12642) 2 घंटे 49 मिनट, हजरत निजामुद्दीन से एर्नाकुलम जाने वाली मंगला एक्सप्रेस (12618) 2 घंटे 49 मिनट और अमृतसर से विशाखापट्टनम जा रही हीराकुंड एक्सप्रेस (20808) 2 घंटे 56 मिनट की देरी से चली।

हरजत निजामुद्दीन से यशवंतपुर जाने वाली संपर्कक्रांति एक्सप्रेस (12650) 3 घंटे 49 मिनट, फिरोजपुर से छिंदवाड़ा जाने वाली पातालकोट एक्सप्रेस (20424) 1 घंटा 57 मिनट, अमृतसर से नागपुर जा रही नागपुर एक्सप्रेस (22126) 1 घंटा 9 मिनट, हजरत निजामुद्दीन से जबलपुर जाने वाली महाकौशल एक्सप्रेस (12190) 3 घंटे 49 मिनट और अमृतसर से नांदेड जाने वाली सचखंड एक्सप्रेस (12716) 3 घंटे 4 मिनट देरी से पहुंची।

इसी तरह हजरत निजामुद्दीन से जबलपुर जाने वाली श्रीधाम एक्सप्रेस (12191) 2 घंटे 29 मिनट, निजामुद्दीन से रायगढ़ जाने वाली गोंडवाना एक्सप्रेस (12410) 1 घंटा 47 मिनट, निजामुद्दीन से वास्कोडिगामा जाने वाली गोवा एक्सप्रेस (12780) 2 घंटे 24 मिनट, निजामुद्दीन से सिकंदराबाद जाने वाली दूरंतो एक्सप्रेस (12286) 2 घंटे 30 मिनट की देरी से झांसी पहुंची। इसके अलावा तेलंगाना एक्सप्रेस और चेन्नई गरीब रथ एक्सप्रेस भी लेट रहीं।

लगातार दूसरे दिन ट्रेनों के घंटों देरी से चलने के कारण स्टेशन पर यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा। ठंड और कोहरे के बीच प्लेटफार्म पर बैठे यात्रियों की परेशानी बढ़ती रही। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से ट्रेनों की रफ्तार नियंत्रित रखनी पड़ रही है, जिससे देरी हो रही है।

Share This Article
Leave a Comment