नव दृष्टि मीडिया फेस्ट 2025 की शुरुआत, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में रचनात्मकता का उत्सव

कैमरा, क्रिएटिविटी और कल्पना—सब एक ही मंच पर।

Shivansh Jha
3 Min Read
Highlights
  • एडिटिंग, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और एंकरिंग की प्रमुख प्रतियोगिताएँ आयोजित।

झांसी।13 नवंबर 2025 | बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के जनसंचार एवं पत्रकारिता संस्थान में नवदृष्टि मीडिया फेस्ट 2025 का शुभारंभ को किया गया। यह आयोजन प्रतिबिंब फोटोग्राफी क्लब, हुनरबाज़ क्लब और डीएसडब्ल्यू के सहयोग से आयोजित हो रहा है। कार्यक्रम का उद्घाटन पत्रकारिता विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. कौशल त्रिपाठी ने किया।

उद्घाटन अवसर पर डॉ. त्रिपाठी ने छात्रों को मीडिया फेस्ट में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि—
“पहले मीडिया प्रोडक्शन बहुत महंगा हुआ करता था, लेकिन आज तकनीक ने हर छात्र के हाथ में प्रोडक्शन की पूरी क्षमता दे दी है। यह फेस्ट सिर्फ पत्रकारिता विभाग के लिए नहीं, बल्कि पूरे विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए खुला है।”

‘नई झांसी, उम्दा बुंदेलखंड; बुंदेलखंड का गौरव—हमारा विश्वविद्यालय’ विषय पर आधारित यह फेस्ट एडिटिंग, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और एंकरिंग जैसी प्रमुख प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्रों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान कर रहा है।

कार्यक्रम में झांसी बाजार की फाउंडर डॉ. कंचन झांसी ने विश्वविद्यालय की सराहना करते हुए कहा कि बुंदेलखंड विश्वविद्यालय का मीडिया लैब इसकी सबसे बड़ी ताकत है—
“ऐसी सुविधाएँ देश की कई राष्ट्रीय और केंद्रीय विश्वविद्यालयों में भी उपलब्ध नहीं हैं। यह पत्रकारिता के छात्रों के लिए गौरव की बात है।”

फाइन आर्ट्स विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. श्वेता पांडे ने छात्रों की रचनात्मकता की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी मल्टीटास्किंग है और एक साथ कई स्किल्स विकसित कर सकती है।

वहीं, हिंदी एवं वाक् विभागाध्यक्ष एवं डीन ऑफ आर्ट्स डॉ. पुनीत बिचारिया ने कहा कि विश्वविद्यालय को इस फेस्ट के माध्यम से अधिक से अधिक पहचान मिले। उन्होंने छात्रों को सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग करने पर जोर देते हुए बताया कि—
“सोशल मीडिया के युग में पत्रकारिता के छात्र सबसे बेहतर ढंग से डिजिटल प्लेटफॉर्म को मैनेज कर सकते हैं। विश्वविद्यालय में मीडिया लैब, फाइनेंस डिपार्टमेंट और कई ऐसी सुविधाएँ हैं, जिन्हें बड़ी यूनिवर्सिटीज़ भी उपलब्ध नहीं करा पातीं।”

मीडिया फेस्ट के तहत विभिन्न प्रतियोगिताएँ और वर्कशॉप्स आयोजित की जाएँगी, जिनका उद्देश्य छात्रों में रचनात्मकता, तकनीकी समझ और मीडिया कौशल का विकास करना है। फेस्ट पूरे विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए खुला रखा गया है।

कार्यक्रम में पत्रकारिता विभाग के डॉ. राघवेंद्र दीक्षित, डॉ. उमेश शुक्ला, डॉ. अजय सिंह, डॉ. अभिषेक कुमार और मीडिया लैब के संचालक गोविंद यादव भी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment