राष्ट्रीय एकता और अखण्डता के लिए सांस्कृतिक सामंजस्य आवश्यक — कर्नल प्रशान्त कक्कड़

एकता और अनुशासन से सशक्त युवा — राष्ट्र निर्माण की दिशा में एनसीसी का कदम

Shivansh Jha
3 Min Read
Highlights
  • एक भारत श्रेष्ठ भारत” शिविर का शुभारम्भ 56 उत्तर प्रदेश बटालियन एनसीसी, झांसी में हुआ।
  • देशभर से 600 एनसीसी कैडेट — उत्तर प्रदेश के पाँच ग्रुपों और नार्थ ईस्ट रीजन से शामिल।
  • कर्नल प्रशान्त कक्कड़ ने कहा — “राष्ट्रीय एकता और अखण्डता के लिए सांस्कृतिक सामंजस्य आवश्यक।
  • शिविर में राष्ट्रीय एकीकरण कार्यक्रम, खेलकूद, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और पब्लिक स्पीकिंग जैसी प्रतियोगिताएँ होंगी।

झांसी, 11 नवम्बर । 56 उत्तर प्रदेश बटालियन एनसीसी, झांसी के तत्वाधान में आज “एक भारत श्रेष्ठ भारत” शिविर का शुभारम्भ डिप्टी कैम्प कमाण्डेंट कर्नल प्रशान्त कक्कड़ द्वारा किया गया। यह शिविर एनसीसी निदेशालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ के अधीन एनसीसी ग्रुप मुख्यालय, कानपुर की इकाई द्वारा आयोजित किया जा रहा है।

इस राष्ट्रव्यापी शिविर में उत्तर प्रदेश निदेशालय के आगरा, अलीगढ़, बरेली, गाजियाबाद एवं कानपुर ग्रुप के 450 कैडेटों के साथ-साथ नार्थ ईस्ट रीजन निदेशालय के 150 कैडेटों सहित कुल 600 एनसीसी कैडेट भाग ले रहे हैं। शिविर में विभिन्न ग्रुपों के एनसीसी अधिकारी भी उपस्थित हैं, जिनमें कानपुर ग्रुप के दो, जबकि आगरा, अलीगढ़, बरेली, गाजियाबाद से एक-एक एवं नार्थ ईस्ट रीजन से तीन एनसीसी अधिकारी शामिल हैं।

कर्नल प्रशान्त कक्कड़ ने अपने उद्घाटन सम्बोधन में कहा कि शिविर का उद्देश्य कैडेटों के बीच राष्ट्रीय एकता, अखण्डता और सांस्कृतिक आदान-प्रदानकी भावना को सशक्त करना है। उन्होंने कहा कि विभिन्न प्रान्तों के इतिहास, साहित्य और संस्कृति से परिचय प्राप्त करना न केवल कैडेटों की समझ को बढ़ाता है बल्कि उनमें चरित्र, नेतृत्व और अनुशासन की भावना का विकास करता है।

उन्होंने बताया कि एनसीसी का मंच युवाओं को “एकता और अनुशासन” के सिद्धान्त पर आधारित सुनहरा अवसर प्रदान करता है, जिससे वे व्यवहारिक प्रशिक्षण एवं सैन्य जीवनशैली से परिचित होकर एक संगठित, अनुशासित और राष्ट्रसेवा के लिए तत्पर जनशक्ति के रूप में विकसित हो सकते हैं।

कर्नल कक्कड़ ने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा प्रदान की गई उत्कृष्ट सुविधाओं और भवनों के लिए माननीय कुलपति प्रोफेसर मुकेश पाण्डेय एवं प्रो. सुनील कुमार काबिया के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का सहयोग इस आयोजन को और भी प्रभावी बनाता है।

शिविर के दौरान राष्ट्रीय एकीकरण जागरूकता कार्यक्रम, खेलकूद प्रतियोगिताएँ, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, ग्रुप प्रेजेंटेशन और पब्लिक स्पीकिंग जैसे विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही कैडेटों को बुंदेलखंड के ऐतिहासिक और दर्शनीय स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा।

इस अवसर पर कर्नल अंशुमान सक्सैना (प्रशासनिक/वित्त अधिकारी), सूबेदार मेजर ओमवीर, सूबेदार आर. बी. गुरूंग, नायब सूबेदार ओमप्रकाश यादव, कैप्टन विजय कुमार यादव, कैप्टन विकास वर्मा, आर. के. अहिरवार, अरविन्द विश्वकर्मा, आनन्द सीरौठिया, श्रीचन्द्र और श्रीमती अंजना निगम सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment