प्रेमनगर थाना क्षेत्र में सक्रिय साइबर जालसाजों के एक गिरोह का गाजियाबाद पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने बब्बू डेरा, खोड़न डेरा निवासी बीएससी छात्र यश यादव और उसके दोस्त शिवम अहिरवार को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन, दो सिम कार्ड, छह एटीएम कार्ड, आधार कार्ड और पैन कार्ड बरामद किए गए हैं। पूछताछ में दोनों ने डेढ़ दर्जन से अधिक लोगों के साथ ठगी करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, पिछले माह मुरादनगर निवासी सोमेंद्र प्रताप से ऑनलाइन टास्क के नाम पर 6.50 लाख रुपये की साइबर ठगी की गई थी। इसी मामले की जांच के दौरान पुलिस को प्रेमनगर निवासी यश यादव और शिवम अहिरवार के बारे में अहम सुराग मिले। जांच को आगे बढ़ाते हुए गाजियाबाद पुलिस रविवार को झांसी पहुंची और दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में यश यादव ने बताया कि वह बीएससी की पढ़ाई के साथ-साथ एक ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी में एजेंट के रूप में काम करता है। वह अपने दोस्त शिवम अहिरवार की मदद से ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराता था और टेलीग्राम के माध्यम से साइबर ठगी को अंजाम देता था। ठगी से प्राप्त रकम यश अपने बैंक खाते से निकालकर 15 प्रतिशत कमीशन शिवम को देता था।
आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने मिलकर अहमदाबाद में दो, पुणे में एक, नासिक देहात में एक, जबलपुर में एक और तमिलनाडु में छह लोगों सहित देश के विभिन्न हिस्सों में करीब डेढ़ दर्जन लोगों को अपना शिकार बनाया।
एडीसीपी अपराध पीयूष सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
