झांसी में एसपी के फॉलोअर ने सल्फॉस खाकर की आत्महत्या, पारिवारिक विवाद से थे परेशान

इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में मौत, पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा; परिजनों से चल रही पूछताछ

Harsh vishwakarma
2 Min Read

झांसी में शनिवार सुबह पुलिस विभाग में तैनात एसपी ग्रामीण के फॉलोअर ने सल्फॉस खाकर आत्महत्या कर ली। शादी समारोह से लौटने के बाद घर में हुए विवाद से वह मानसिक रूप से परेशान बताए गए हैं। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मॉर्च्युरी भेज दिया। रविवार को पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। परिजनों से पूछताछ कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कैसे हुआ पूरा मामला?

मृतक की पहचान आदेश रायकवार (50) पुत्र रामावतार निवासी फफूंद, औरैया के रूप में हुई है। वह एसपी ग्रामीण के फॉलोअर के तौर पर तैनात थे और घरईया लाइन स्थित सरकारी आवास में परिवार के साथ रहते थे।

मृतक के बेटे कार्तिक ने बताया कि पिता दो दिन पहले एक शादी समारोह से लौटे थे। तभी घर में कुछ विवाद हुआ था, जिसके बाद से वह काफी तनाव में थे।
शुक्रवार रात वह सामान्य रूप से घर आकर सो गए, लेकिन शनिवार सुबह उन्होंने सल्फॉस खा लिया। तबीयत अचानक बिगड़ने पर परिवार उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचा, जहां इलाज के दौरान उनकी जान नहीं बच सकी।

मृतक की पत्नी ने कहा कि उन्होंने आत्महत्या क्यों की, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।

अधिकारियों का बयान

आदेश के जहर खाने की सूचना पर एसपी ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार, पुलिस लाइन के सीओ रामवीर सिंह और आरआई सुभाष सिंह मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर पूरा घटनाक्रम जाना।

सीओ रामवीर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घरेलू कलह के चलते आत्महत्या की बात सामने आई है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है।

Share This Article
Leave a Comment