रानी लक्ष्मीबाई नगर निवासी रेलवे से सेवानिवृत्त महेंद्र मिस्त्री साइबर ठगी का शिकार हो गए। जालसाजों ने उन्हें टेलीग्राम एप पर जोड़कर “ओपेन टेक अलायंस” नामक स्मार्टफोन एप पर निवेश करने का झांसा दिया और 14.81 लाख रुपये हड़प लिए।
महेंद्र मिस्त्री ने बताया कि टेलीग्राम के टास्क ग्रुप में निवेश पर मोटा मुनाफा देने का दावा किया गया था। विश्वास में आकर उन्होंने दो महीने में अपने खाते से 13,32,382 रुपये और पुत्र यशवंत के खाते से 50 हजार रुपये जमा कराए। निवेश के बाद एप पर मुनाफा दिखने लगा, लेकिन जब उन्होंने राशि निकालने की कोशिश की तो विड्रॉल फॉर्म भरने के बावजूद पैसा नहीं मिला।
महेंद्र द्वारा संपर्क किए गए नंबर बाद में स्विच ऑफ हो गए। कई प्रयासों के बावजूद जब रकम वापस नहीं मिली, तो उन्होंने साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
