झांसी में संदिग्ध हालात में लैब टेक्नीशियन की मौत

परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया, पुलिस बोली—प्रारंभिक जांच में सुसाइड का मामला

Harsh vishwakarma
2 Min Read

झांसी। शादी के छह महीने बाद लैब टेक्नीशियन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव शुक्रवार को उसके पैतृक गांव अचौसा (थाना एरच) में पेड़ पर फंदे से लटका मिला। मृतक झांसी के एक नर्सिंग होम में काम करता था और पिछले पांच साल से वहीं रह रहा था। परिजनों ने हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।

मृतक नीरज प्रजापति

5 साल से झांसी में रह रहा था युवक
मृतक नीरज प्रजापति (27) पुत्र धनीराम प्रजापति, एरच के अचौसा गांव का निवासी था। पिता धनीराम ने बताया कि नीरज पिछले पांच साल से झांसी में रहकर नर्सिंग होम में लैब टेक्नीशियन के पद पर तैनात था। गुरुवार रात उसकी फोन पर घरवालों से बात हुई थी, तब वह अपने कमरे पर था और बिल्कुल सामान्य था।

शुक्रवार सुबह गांव के लोगों ने खेतों में पेड़ से लटका शव देखा। पास जाकर पहचान की तो वह नीरज का ही था। सूचना पर डीएसपी दीपशिखा पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और साक्ष्य जुटाए।

परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया
मौके से पुलिस ने नीरज का मोबाइल बरामद किया है। सूचना पर पहुंचे माता-पिता बेटे का शव देखकर फूट-फूटकर रो पड़े। पिता ने कहा कि नीरज ने गांव आने की कोई बात नहीं की थी, इसलिए हमें हत्या की आशंका है।

पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल
नीरज अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। छह महीने पहले ही उसकी शादी पूजा से हुई थी। मौत की खबर सुनते ही पत्नी पूजा बेहोश हो गई। परिवार और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्रारंभिक जांच में सुसाइड की बात सामने
गरौठा सीओ आसमा वकार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Share This Article
Leave a Comment