गाजियाबाद में महिला पुलिस का पहला एनकाउंटर

नवरात्रि की पहली रात महिला शक्ति ने दिखाई बहादुरी, हिस्ट्रीशीटर बदमाश गिरफ्तार

Harsh vishwakarma
4 Min Read

गाजियाबाद। नवरात्रि का पहला दिन गाजियाबाद की महिला पुलिस टीम के लिए ऐतिहासिक बन गया। सोमवार देर रात जिले में पहली बार महिला पुलिस टीम ने एनकाउंटर कर एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश को गिरफ्तार किया। यह घटना लोहिया नगर इलाके की है, जहां देर रात करीब डेढ़ बजे एसओ महिला थाना रितु त्यागी अपनी टीम के साथ चेकिंग कर रही थीं।

भागते समय पुलिस पर चलाई गोली

जानकारी के मुताबिक, पुलिस टीम मेरठ रोड पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी एक स्कूटी सवार युवक वहां पहुंचा। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह रुकने के बजाय स्कूटी मोड़कर भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो युवक मोड़ पर फिसलकर गिर गया। स्कूटी वहीं छोड़कर उसने पैदल भागने की कोशिश की और भागते-भागते अचानक तमंचा निकालकर महिला पुलिस पर फायरिंग कर दी।

महिला पुलिस की जवाबी कार्रवाई

हमले के बावजूद महिला पुलिस पीछे नहीं हटी। तुरंत घेराबंदी करते हुए महिला दरोगाओं और हेड कॉन्स्टेबलों ने जवाबी फायरिंग की। इसमें गोली बदमाश के पैर में लगी और वह ज़मीन पर गिर पड़ा। घायल होने के बाद भी उसने भागने की कोशिश की, लेकिन महिला पुलिसकर्मियों ने उसे दबोच लिया।

कंधे पर उठाकर पहुंचाया अस्पताल

घायल बदमाश दर्द से चीख रहा था। महिला पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए उसे कंधे पर उठाकर गाड़ी तक पहुंचाया और जिला एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया। इस दृश्य को देख लोग दंग रह गए। आमतौर पर पुलिस कार्रवाई में ऐसा नज़ारा कम ही देखने को मिलता है।

गोली लगने के बाद बदमाश रोने लगा

कौन है गिरफ्तार बदमाश?

पुलिस पूछताछ में बदमाश ने अपना नाम जितेंद्र पुत्र नंदकिशोर निवासी सेक्टर-9, थाना विजयनगर बताया। वह इलाके का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है और उस पर चोरी व लूट के करीब 10 मुकदमे दर्ज हैं।
एसीपी नंदग्राम ने बताया कि मौके से अवैध तमंचा, चोरी के टैबलेट और मोबाइल बरामद किए गए हैं। बदमाश ने पूछताछ में कबूल किया कि वह NCR क्षेत्र से बाइक व स्कूटी चोरी कर राहगीरों से लूटपाट करता था। चोरी और लूट से मिले सामान को सस्ते दामों में बेचकर अपनी अय्याशी और शौक पूरे करता था।

कल भी की थी वारदात

पकड़े गए जितेंद्र ने बताया कि उसके पास से बरामद टैबलेट और मोबाइल उसने एक दिन पहले थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके के कमला हॉल के पास स्थित मकान से चोरी किए थे। वहीं, बरामद स्कूटी को भी उसने पिछले साल दिल्ली से चोरी किया था।

कमिश्नर बोले – नारी सशक्तिकरण की मिसाल

गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ ने महिला पुलिस टीम की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा,
“यह गाजियाबाद में महिला पुलिस का पहला एनकाउंटर है। इससे महिला पुलिस टीम का मनोबल और आत्मविश्वास बढ़ेगा। यह घटना नारी सशक्तिकरण की नई मिसाल है और अपराधियों के लिए भी चेतावनी है कि महिला पुलिस भी सख्ती से कार्रवाई कर सकती है।”

बदमाश की गिड़गिड़ाहट

गोली लगने के बाद जितेंद्र ने हाथ जोड़कर महिला पुलिस से माफी मांगी और कहा कि वह अब कभी गलत काम नहीं करेगा। उसने पुलिस पर गोली चलाने का अफसोस जताते हुए गिड़गिड़ाकर वादा किया कि आगे से अपराध की राह नहीं पकड़ेगा।

Share This Article
Leave a Comment