झांसी। कोतवाली थाना क्षेत्र के पंचवटी कॉलोनी में शनिवार रात एक अजीबोगरीब मामला सामने आया। यहां एक महिला ने अपने पति की पिटाई कराने के लिए कथित तौर पर कुछ महिलाओं और पुरुषों को घर बुला लिया। हमलावर महिलाएं खुद को गुलाबी गैंग की सदस्य बता रही थीं। इस दौरान न केवल पति व उसके भांजे से मारपीट की गई बल्कि घर से तीन मोबाइल फोन और दो लैपटॉप भी चोरी कर ले जाए गए।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मारपीट में शामिल लोगों को पकड़कर थाने लाया। पीड़ित पति की तहरीर के आधार पर पुलिस ने उसकी पत्नी, उसके प्रेमी और अन्य लोगों सहित 11 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पति-पत्नी के बीच चल रहा था विवाद
पंचवटी कॉलोनी निवासी घनश्याम साहू ने बताया कि वह ऑनलाइन डेटा एंट्री का काम करता है। साल 2012 में उसकी शादी भांडेर, दतिया निवासी युवती से हुई थी। उनके दो बच्चे हैं—9 साल की बेटी और 3 साल का बेटा।
घनश्याम का आरोप है कि उसकी पत्नी के संबंध प्रदीप कुमार ठाकुर उर्फ बबलू से हैं। यही वजह है कि दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है और मामला पारिवारिक न्यायालय में विचाराधीन है। पति का कहना है कि पत्नी इसी रंजिश के चलते बच्चों को जबरन अपने साथ ले जाना चाहती है, जबकि फिलहाल दोनों बच्चे पिता के पास रहते हैं।
हमलावरों ने गेट खुलवाकर किया हमला
घनश्याम ने पुलिस को बताया कि 18 सितंबर की रात करीब 9:20 बजे उसका भांजा ऋषि साहू उसके घर आया हुआ था। सभी लोग मिलकर खाना खा ही रहे थे कि अचानक पत्नी अपने प्रेमी और कुछ महिलाओं व पुरुषों के साथ पहुंची।
आरोप है कि हमलावरों ने घर का गेट खुलवाया और खुद को गुलाबी गैंग का सदस्य बताते हुए हमला कर दिया। घनश्याम और उसके भांजे के साथ जमकर मारपीट की गई। इस दौरान मोहल्ले में हंगामा मच गया।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि इसी दौरान शबा खान नाम की महिला ने उसे जान से मारने की धमकी दी और बाकी महिलाएं घर से तीन मोबाइल फोन व दो लैपटॉप लेकर फरार हो गईं।

पुलिस कार्रवाई और केस दर्ज
मारपीट की सूचना पर पड़ोसियों ने पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस सभी हमलावरों को थाने ले गई। हालांकि प्रारंभिक कार्रवाई में पुलिस ने पति के खिलाफ ही शांतिभंग की धारा में कार्रवाई कर दी और जमानत पर उसे छोड़ दिया।
इसके बाद घनश्याम ने घर के सीसीटीवी फुटेज निकालकर पुलिस को तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने पत्नी, उसके प्रेमी प्रदीप ठाकुर, शबा खान समेत कुल 11 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस का बयान
कोतवाली थाना प्रभारी राजेश पाल सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ जांच की जा रही है और जल्द ही तथ्य सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
