झांसी। भोजला गांव में डेरी संचालक अरविंद यादव हत्याकांड के मुख्य आरोपी और पूर्व ग्राम प्रधान रिंकू यादव ने आखिरकार मंगलवार को झांसी कोर्ट में सरेंडर कर दिया। पुलिस उसकी लंबे समय से सरगर्मी से तलाश कर रही थी, लेकिन वह गिरफ्त से दूर था। मंगलवार को उसने पुलिस को चकमा देते हुए सीधे न्यायालय पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। अब पुलिस उसकी रिमांड लेने की तैयारी में जुटी है।
गौरतलब है कि 8 सितंबर को सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के भोजला गांव में अरविंद यादव की बैंक से लौटते समय उनकी पत्नी के सामने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद झांसी पुलिस और स्वाट टीम लगातार आरोपी की तलाश में लगी थी, लेकिन करीब एक महीना चार दिन तक भी उसे पकड़ा नहीं जा सका।
पुलिस ने इस मामले में रिंकू यादव समेत उसके परिवार और करीबियों के 10 लोगों को नामजद किया था। जिनमें से नौ आरोपी गिरफ्तार होकर जेल जा चुके हैं, जबकि मुख्य आरोपी रिंकू फरार था।
मृतक की पत्नी सुनीता यादव, जो घटना की चश्मदीद गवाह हैं, लगातार आरोपियों के एनकाउंटर की मांग कर रही थीं। उनका कहना था कि रिंकू और उसके साथियों ने उनके सामने ही अरविंद को तीन गोलियां मारीं और किसी को पास नहीं आने दिया।
अब पुलिस को उम्मीद है कि रिंकू यादव की रिमांड मिलने के बाद हत्या के पीछे के मकसद और साजिश से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
