झांसी – झांसी-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस (11109/11110) इन दिनों यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। बुधवार रात ट्रेन इतनी ज्यादा लेट हुई कि जिस समय उसे झांसी पहुंचना था, उसी समय वह लखनऊ से रवाना हुई।
लखनऊ से झांसी आने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस रात 10.09 बजे चली, जबकि उसे शाम 4.40 बजे रवाना होना था। कानपुर पहुंचते-पहुंचते ट्रेन 7 घंटे से ज्यादा की देरी से चल रही थी। रेलवे के अनुसार, अब यह ट्रेन सुबह 5.15 बजे झांसी पहुंचेगी, जबकि उसका निर्धारित समय रात 10.35 बजे है।
इस देरी से यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। AC चेयर कार कोचों में सफर करने वाले यात्री ठंड से ठिठुरते रहे, क्योंकि इन कोचों में कंबल या बेडशीट की कोई व्यवस्था नहीं होती।
कई यात्रियों ने रेलवे हेल्पलाइन 139 और X (Twitter) पर गुहार लगाई कि रात में AC बंद कर दिया जाए। यात्री जतिन साहू ने बताया कि “हमारे पास ओढ़ने को कुछ नहीं है, ठंड से हालत खराब है और अब बुखार जैसा महसूस हो रहा है।”
दो दिन बंद रहने के बाद फिर से शुरू हुई इंटरसिटी एक्सप्रेस का संचालन शुरू होते ही अव्यवस्था सामने आ गई। बुधवार को झांसी से लखनऊ जाने वाली इंटरसिटी भी 3 घंटे 13 मिनट लेट चली, जिससे लखनऊ पहुंचने और वापसी दोनों में ट्रेन का शेड्यूल बिगड़ गया।
रेलवे की सूचना प्रणाली भी यात्रियों को भ्रमित कर रही है। NTES ऐप अभी भी इंटरसिटी का समय पुराने शेड्यूल के अनुसार दिखा रहा है, जिससे यात्रियों को सही जानकारी नहीं मिल पा रही।
