झांसी। शहर में सोमवार रात डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पार्सल देने जा रहे युवक की बाइक एक व्यक्ति से हल्की सी टकरा गई, जिसके बाद उस युवक ने साथियों के साथ मिलकर डिलीवरी बॉय की बेरहमी से पिटाई कर दी। यही नहीं, जब मोहल्ले की महिलाएं बीच-बचाव के लिए आईं तो आरोपियों ने उनसे भी धक्का-मुक्की की। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मामला नवाबाद थाना क्षेत्र के बड़ागांव गेट चौकी के पास का है। यहां शिवाजी नगर निवासी विकास, जो ब्लैकबेरी कंपनी में डिलीवरी बॉय है, सोमवार रात कोतवाली इलाके में पार्सल देने जा रहा था। रास्ते में उसकी बाइक वहां खड़े एक युवक के बैग से हल्की सी टकरा गई। हालांकि, किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ। विकास ने “सॉरी” बोलकर आगे बढ़ने की कोशिश की, लेकिन युवक ने उसे रोक लिया और उसकी बाइक गिराकर मारपीट शुरू कर दी।
थोड़ी देर में युवक के मोहल्ले के अन्य साथी भी वहां आ गए और सभी ने मिलकर विकास को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा। हमलावरों ने उसके कपड़े भी फाड़ दिए। इस बीच, एक आरोपी ने लकड़ी का चेला उठाकर उसके सिर पर वार करने की कोशिश की।
शोर सुनकर मोहल्ले की महिलाएं मौके पर पहुंचीं और बीच-बचाव करने लगीं। लेकिन, आरोपियों ने उन्हें भी धक्का देकर गिरा दिया, जिससे एक महिला के कपड़े भी फट गए।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। नवाबाद थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।
