यूपी में मानसून का कहर: वाराणसी डूबा, ललितपुर में बांधों के गेट खोले गए

लगातार बारिश से नदियां उफान पर, 60 जिलों में अलर्ट; गांवों में बिजली बंद, स्कूलों पर ताले

Harsh vishwakarma
3 Min Read

उत्तर प्रदेश में मानसून फिर से सक्रिय हो गया है। वाराणसी में लगातार 12 घंटे से बारिश हो रही है। अब तक 105 मिमी पानी बरस चुका है, जिससे शहर की सड़कें तालाब बन गई हैं। बीएचयू अस्पताल परिसर में घुटनों तक पानी भर गया है, जबकि सिंहद्वार पर 2 फीट जलभराव हो गया है। अस्सी से गोदौलिया मार्ग पर सीवर ओवरफ्लो होने से गलियों में गंदा पानी बह रहा है।

फर्रुखाबाद में बाढ़ के बीच खुशखबरी मिली है। सीता देवी नाम की महिला ने अस्पताल में सीजेरियन डिलीवरी से तीन बच्चों को जन्म दिया। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद परिजन नाव के जरिए मां और बच्चों को चौघड़ा गांव लेकर पहुंचे। डॉक्टरों के मुताबिक, दो बेटे और एक बेटी पूरी तरह स्वस्थ हैं।

हरदोई में गंगा और रामगंगा नदी उफान पर हैं। यहां 29 गांवों की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई है और 35 बेसिक स्कूलों को एहतियातन बंद किया गया है। वहीं महराजगंज में लगातार बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। हरखपुरा के पास महाव नाला टूटने पर एसडीएम और तहसीलदार मौके पर पहुंचे और मरम्मत शुरू कराई।

अमेठी में ग्रामीणों ने बांस का पुल बनाकर रास्ता जोड़ा है। संग्रामपुर मार्ग पर टिकरिया के पास एप्रोच रोड बह जाने से लोग परेशान थे। अब पीडब्ल्यूडी ने चेतावनी दी है कि हादसा होने पर ग्रामीण खुद जिम्मेदार होंगे।

इस बीच मौसम विभाग ने यूपी के 60 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि अगले चार दिनों तक प्रदेश में ऐसा ही मौसम रहेगा।

ललितपुर में चार बांधों से पानी छोड़ा गया
भारी बारिश के चलते ललितपुर जिले के चार बांध उफान पर हैं। प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को अलर्ट रहने की सलाह दी है।

  • माताटीला बांध – 20 गेट खोलकर 1 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया।

  • राजघाट बांध – 8 गेट खोलकर 86 हजार क्यूसेक जल निकासी।

  • भौंरट बांध – 3 गेट खोलकर 3,762 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।

  • जामनी बांध – 2 गेट खोलकर 1,992 क्यूसेक पानी निकाला गया।

सिंचाई विभाग की टीम लगातार जलस्तर की निगरानी कर रही है।

B.H.U में 3 फ़ीट तक आया पानी

 

Share This Article
Leave a Comment