वार्ड संख्या 40 आजादगंज में बुनियादी सुविधाओं को लेकर लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। क्षेत्र में पाइपलाइन तो बिछा दी गई है, लेकिन मसीहागंज इलाके में अब तक पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। दूसरी ओर पानी और गैस लाइन डालने के बाद सड़कों को खोदकर छोड़ दिया गया है, जिससे जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं और आए दिन लोग चोटिल हो रहे हैं।
करीब सात हजार की आबादी वाले इस वार्ड में आजादगंज, मसीहागंज, ताज कंपाउंड का कुछ हिस्सा और बालाजीपुरम इलाके शामिल हैं। यहां सबसे बड़ी समस्या पेयजल की है। गर्मी के मौसम में लोगों को टैंकर के सहारे पानी की आपूर्ति करानी पड़ती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पाइपलाइन डालने के बावजूद नियमित जलापूर्ति शुरू न होना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
इसके अलावा, वार्ड में बारिश के दौरान नाले उफनाने से घरों में पानी घुस जाता है, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई जगह सड़कें खराब होने के कारण आवागमन भी प्रभावित हो रहा है।
पार्षद ने बताया कि वार्ड में सफाई कर्मचारियों की भी कमी है, जिसके चलते सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द जलापूर्ति शुरू कराने, सड़कों की मरम्मत और नालों की उचित सफाई कराने की मांग की है।
