कुएं से मिला महिला का 2 हिस्सों में बांटा हुआ शव, सिर समेत कई हिस्से अब भी लापता।

कुएं से बरामद महिला की लाश, सिर और कई अंग अब भी लापता।

Harsh vishwakarma
2 Min Read

झांसी के टोड़ीफतेहपुर थाना क्षेत्र के किशोरपुरा गांव में महिला की हत्या कर उसके शरीर के कई टुकड़े करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रविवार शाम पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टरों के पैनल ने रेप की आशंका जताते हुए वजाइना स्लाइड तैयार कराई। पुलिस अब तक महिला के तीन हिस्से बरामद कर चुकी है, जबकि सिर समेत कई अंग अब भी गायब हैं। इनकी तलाश में पुलिस ने आसपास के कुओं और तालाबों को खंगालना शुरू कर दिया है। महिला की शिनाख्त के लिए 10 पुलिस टीमें और स्वॉट टीम को लगाया गया है, लेकिन चार दिन बीत जाने के बावजूद सफलता नहीं मिली है।

घटना 13 अगस्त की है, जब किशोरपुरा निवासी किसान विनोद पटेल अपने खेत पर फसल देखने गए थे। खेत में बने कुएं से तेज बदबू आने पर उन्होंने झांककर देखा तो पानी में दो बोरियां तैरती नजर आईं। ग्रामीणों की मदद से जब पुलिस ने बोरियों को बाहर निकलवाया तो अंदर का मंजर देखकर सभी दंग रह गए। एक बोरी में महिला का गर्दन से कमर तक का हिस्सा और दूसरी बोरी में कमर से जांघ तक का हिस्सा भरा था। बाद में कुएं को खाली कराया गया तो एक हाथ और बरामद हुआ, जबकि सिर, पैर और अन्य हिस्सों की तलाश जारी है।

महिला के शव के साथ हल्के पीले रंग का ब्लाउज, हरे रंग की फूलों वाली साड़ी का टुकड़ा मिला है। दाहिने हाथ में लाल धागा और नाखूनों पर लाल नेल पॉलिश भी पाई गई। शव की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष अनुमानित की जा रही है, जो 5 से 7 दिन पुराना बताया जा रहा है।

एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने बताया कि अलग-अलग पुलिस टीमों को जांच में लगाया गया है। गुमशुदा महिलाओं की सूची खंगाली जा रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही महिला की पहचान और आरोपियों तक पहुंच बना ली जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment