महोबा में मंगलवार रात मोबाइल कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी 100 मीटर दूर जाकर वापस लौटा और मृतक का रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गया। घटना चरखारी थाना क्षेत्र के नौसारा गांव के पास की है।
मृतक की पहचान राजकुमार (30 वर्ष) पुत्र हरप्रसाद अहिरवार, निवासी नौसारा गांव, के रूप में हुई है। वह चरखारी में मोबाइल शॉप चलाता था। मंगलवार शाम को दुकान बंद करने के बाद वह अपने दोस्त प्रदीप राजपूत के साथ बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में बाइक सवार एक बदमाश पीछे लग गया और कई बार ओवरटेक करने की कोशिश की।

गांव से करीब एक किलोमीटर पहले बदमाश ने बाइक बराबर में लाकर राजकुमार के गले में गोली मार दी। गोली लगते ही दोनों गिर पड़े। डर के मारे प्रदीप झाड़ियों में छुप गया। इसी बीच बदमाश कुछ दूरी जाकर वापस लौटा और राजकुमार का बैग उठाकर फरार हो गया। बैग में पैसे, लैपटॉप और दुकान के कागजात थे।
गंभीर रूप से घायल राजकुमार को पहले चरखारी और फिर महोबा जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। गोली गर्दन में लगकर कंधे से होकर निकल गई, जिससे पीठ में बड़ा घाव बन गया।
महोबा पुलिस के अधिकारी और परिजन झांसी मेडिकल कॉलेज में मौजूद हैं। झांसी पुलिस शव का पोस्टमार्टम करवा रही है। पुलिस बदमाश की तलाश में कई टीमों को लगा चुकी है।

परिजनों का कहना है कि राजकुमार मेहनती और मिलनसार युवक था। गंगाचरण, मृतक के बुआ के बेटे ने बताया कि— “उसे काफी समय से कोई धमकी नहीं मिली थी, लेकिन बदमाश की हरकत से लगता है कि वह पहले से रेकी कर रहा था।”
पुलिस ने कहा — “वारदात में शामिल आरोपी की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।”
