थाना बबीना क्षेत्र के मुखिया नगर में जमीन विवाद को लेकर हुई हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मृतका शीला के भतीजे बृजलाल और उसकी मां मीना (देवरानी) को गिरफ्तार किया है। दोनों ने जमीन के झगड़े और पारिवारिक अपमान का बदला लेने के लिए मिलकर शीला की हत्या की थी।
पुलिस के अनुसार, बृजलाल ने पूछताछ में बताया कि चाची शीला आए दिन उसे और उसकी मां को सरेआम अपमानित करती थी। कुछ दिन पहले हुए झगड़े में शीला ने गाली-गलौज की थी, जिससे नाराज होकर उसने हत्या की योजना बनाई।
10 नवंबर को बृजलाल और उसकी मां मीना ने शीला को बातों में फंसाकर गांव से दूर पहाड़ी पर ले जाकर हंसिया से गोदकर हत्या कर दी, और शव को खेत में बने गड्ढे में फेंक दिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हंसिया बरामद कर ली गई है।
सीओ रामवीर सिंह ने बताया कि मुखिया नगर में बृजलाल के पास 66 डिसमिल जमीन है, जिसकी देखरेख उसकी मां करती थी। जमीन और रास्ते को लेकर चाचा गणेश के परिवार से आए दिन विवाद होता रहता था। इसी विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया।
हत्या के बाद बृजलाल घर लौटकर खून से सनी जैकेट धोने लगा, जबकि जींस साफ नहीं कर पाया। पुलिस को उसके घर से जैकेट और जींस दोनों बरामद हुईं।
घटनास्थल पर मिली दो अलग-अलग रंग की चूड़ियां भी पुलिस के शक की वजह बनीं। शीला की लाल चूड़ियों के साथ रंग-बिरंगी चूड़ियां भी मिलीं, जो मीना की थीं। इससे पुलिस को संदेह हुआ कि हत्या में दूसरी महिला भी शामिल है, जो बाद में सच साबित हुआ।
सोमवार को हत्या के बाद शव जंगल में छिपा दिया गया था। अगले दिन मंगलवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे शीला का शव बरामद किया गया। दोनों आरोपियों को बुधवार को जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम में: थाना प्रभारी तुलसीराम पांडेय, उपनिरीक्षक सुनील त्रिपाठी, संत प्रकाश त्रिपाठी सहित अन्य शामिल रहे।
