उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के टोड़ी थाना क्षेत्र के किशोरपुरा गांव में बुधवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब गांव के पास स्थित एक कुएं से अर्धनग्न अवस्था में युवती की सिरकटी लाश बरामद हुई। शव को कई टुकड़ों में काटकर दो अलग-अलग बोरे में भरकर कुएं में फेंका गया था। दोनों बोरियों में युवती का धड़ और जांघ का हिस्सा मिला, जबकि सिर, हाथ और पैर अब तक गायब हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक, खेत के पास स्थित कुएं से तेज दुर्गंध आ रही थी। किशोरपुरा निवासी विनोद पटेल ने बदबू की सूचना गांव के लोगों को दी, जिसके बाद वहां भीड़ जुट गई। कुएं में झांकने पर दो बोरे तैरते नजर आए, जिनसे तेज सड़ांध आ रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बोरियों को बाहर निकाला।
पुलिस जांच में सामने आया कि बोरियों में शव के साथ ईंट-पत्थर भी डाले गए थे, ताकि टुकड़े ऊपर न आ सकें। युवती के कटे अंगों पर मामूली कपड़े थे। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, शव करीब तीन दिन पुराना है।
एसपी आरए डॉ. आविद कुमार ने बताया कि मृतका की शिनाख्त के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई है। बारिश के चलते तलाशी अभियान में दिक्कतें आ रही हैं, लेकिन पुलिस ने आसपास के इलाके में सघन खोज अभियान शुरू कर दिया है। हत्या के पीछे की वजह और मृतका की पहचान के सुराग जुटाए जा रहे हैं।
