झांसी | बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के भास्कर जनसंचार एवं पत्रकारिता संस्थान में AuraLine Club द्वारा “Aura Auditions – Aura Meetup” का सफल एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों को आगामी AuraFest 2026 के बारे में विस्तृत जानकारी देना तथा उन्हें संगीत, नृत्य, कविता, अभिनय, वाद्य संगीत एवं अन्य रचनात्मक क्षेत्रों में भागीदारी के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम की शुरुआत AuraLine Club की क्रिएटिव हेड अनैशा गर्ग के स्वागत संबोधन से हुई, जिसमें उन्होंने उपस्थित सभी प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों का अभिनंदन करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. कौशल त्रिपाठी सहित डॉ. राघवेंद्र दीक्षित, डॉ. उमेश शुक्ला, डॉ. अभिषेक कुमार एवं श्री अतीत विजय की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों को AuraFest 2026 की अवधारणा, इसकी विभिन्न गतिविधियों एवं Aura Auditions की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। आयोजकों ने बताया कि यह एक साहित्य, कला, संगीत एवं सांस्कृतिक महोत्सव है, जो “students द्वारा, students के लिए” तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करना, उन्हें व्यावहारिक अनुभव देना और उनके कौशल को नई दिशा देना है। वीडियो प्रस्तुतियों के माध्यम से छात्रों को फेस्ट की झलक दिखाई गई, जिससे उनमें विशेष उत्साह देखने को मिला। साथ ही Aura Auditions की तिथि 28 फरवरी 2026, समय प्रातः 10:30 बजे तथा स्थान गवर्नमेंट म्यूजियम, झांसी घोषित किया गया, जिसमें गायन, नृत्य, कविता, अभिनय, रैप, वाद्य संगीत एवं विज़ुअल आर्ट्स जैसी विभिन्न श्रेणियों में प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे।
कार्यक्रम के दौरान लाइव प्रस्तुतियों ने माहौल को और अधिक जीवंत बना दिया। श्री जय कुमार द्वारा प्रस्तुत संगीत ने जहां दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया, वहीं श्री सुधांशु त्रिवेदी की भावपूर्ण कविता ने सभी श्रोताओं को भावुक और प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को रजिस्ट्रेशन के लिए प्रेरित किया गया तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को सफल बनाया। AuraLine Club की यह पहल झांसी के युवाओं के लिए एक प्रभावी मंच के रूप में उभर रही है, जो उन्हें अपनी प्रतिभा को पहचान दिलाने और भविष्य में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करेगी।
