झाँसी, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झाँसी में सोमवार को राजभाषा हिन्दी पखवाड़ा–2025 का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय ने पखवाड़े के कार्यक्रमों से संबंधित विस्तृत जानकारी युक्त पोस्टर का विमोचन किया।
कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया गया कि राजभाषा हिन्दी पखवाड़ा 15 सितम्बर से 29 सितम्बर तक चलेगा। इस दौरान विश्वविद्यालय परिसर के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के लिए विविध हिन्दी प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा।
अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए हिन्दी टिप्पण एवं आलेख प्रतियोगिता 18 सितम्बर, हिन्दी लेखन प्रतियोगिता 19 सितम्बर तथा हिन्दी सुलेख प्रतियोगिता 20 सितम्बर को आयोजित की जाएगी। लेखन प्रतियोगिता का विषय होगा – “राजभाषा हिन्दी में सरकारी कामकाज की दशा और दिशा”(500 शब्द)।
विद्यार्थियों के लिए 22 सितम्बर को पोस्टर प्रतियोगिता, 24 सितम्बर को निबंध लेखन प्रतियोगिता (विषय : बुन्देली संस्कृति का भारतीयता को अवदान/एक भारत श्रेष्ठ भारत – 500 शब्द), 26 सितम्बर को हिन्दी कविता लेखन एवं वाचन प्रतियोगिता (विषय : भारतीय स्वातंत्र्य समर के नायक और नायिकाएँ), तथा 27 सितम्बर को लघु कहानी लेखन प्रतियोगिता (300 शब्द) का आयोजन किया जाएगा।
इन सभी प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों को पुरस्कार स्वरूप प्रथम पुरस्कार ₹2100, द्वितीय पुरस्कार ₹1100 एवं तृतीय पुरस्कार ₹500 प्रदान किए जाएंगे।
कुलपति प्रो. पांडेय ने कहा कि “हिन्दी हमारी अस्मिता, संस्कृति और राष्ट्र की आत्मा है। ऐसे आयोजन भाषा के संवर्धन के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं।”
हिन्दी विभागाध्यक्ष प्रो. मुन्ना तिवारी ने कहा कि इन प्रतियोगिताओं से अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को हिन्दी से जुड़ने का अवसर मिलेगा और रचनात्मक लेखन को बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर प्रो. एस. पी. सिंह, प्रो. डी. के. भट्ट, डॉ. अचला पांडेय, डॉ. श्रीहरि त्रिपाठी समेत विश्वविद्यालय के शिक्षक, शोधार्थी और विद्यार्थी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
