शाहजहांपुर। जिले के रोजा थाना क्षेत्र स्थित दुर्गा एन्क्लेव कॉलोनी में बुधवार सुबह व्यापारी परिवार की मौत से सनसनी फैल गई। व्यापारी सचिन ग्रोवर (35), उनकी पत्नी शिवांगी (30) और 4 वर्षीय बेटा मृत पाए गए।
ऐसे हुआ खुलासा
सुबह देर तक घर से कोई हलचल न होने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर का दरवाजा खोलकर देखा तो दंपती व बच्चा मृत अवस्था में मिले। सभी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मिला 35 पन्नों का सुसाइड नोट
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि घटना से पहले पत्नी ने अपनी मां को 35 पन्नों का सुसाइड नोट भेजा था। इसमें आर्थिक तंगी और कर्ज का जिक्र किया गया है।
पुलिस कर रही हर एंगल से जांच
पुलिस ने बताया कि घटना आत्महत्या प्रतीत होती है, लेकिन कुछ परिस्थितियां संदिग्ध होने के कारण हत्या की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है और परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है।
परिवार और कारोबार
सचिन ग्रोवर शहर के पॉश इलाके दुर्गा एन्क्लेव में मां और दो भाइयों के साथ रहते थे। उनके पास हैंडलूम की दो दुकानें थीं। दोनों भाई भी इसी कारोबार से जुड़े हैं।

रिश्तेदारों का बयान
परिवार के लोगों का कहना है कि घटना से एक शाम पहले तक सब कुछ सामान्य था। दंपती बच्चे के साथ खुश नजर आ रहे थे और किसी तरह का तनाव नहीं दिखा।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच जारी है।
