झांसी में जीजा-साले ने पुजारी की पीट-पीटकर हत्या, लोहे के माइक स्टैंड से किया वार; CCTV फुटेज आया सामने

मनसिल माता मंदिर में घटना, इलाज के दौरान पुजारी विशाल की मौत; आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश

Harsh vishwakarma
3 Min Read

झांसी के बरुआसागर कस्बे में मनसिल माता मंदिर के पुजारी की जीजा-साले ने मिलकर बेरहमी से हत्या कर दी। पूजा की तैयारी कर रहे पुजारी विशाल (22) पर दोनों ने पहले मारपीट की और बाद में लोहे के माइक स्टैंड से सिर पर ताबड़तोड़ वार किए। घटना 2 दिसंबर की रात की है, जबकि CCTV फुटेज 6 दिसंबर को सामने आया है। फुटेज में आरोपी पुजारी को जमीन पर गिरा हुआ पाकर दोबारा हमला करते दिखाई दे रहे हैं।

हमले में गंभीर रूप से घायल विशाल को झांसी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां हालत बिगड़ने पर उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया। शनिवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम के बाद घर में कोहराम मच गया।

कैसे हुई वारदात?

  • विशाल पिछले तीन साल से मनसिल माता मंदिर में पुजारी थे।

  • मंदिर के बाहर बालाराम उर्फ बाला की दुकान है। कुछ समय पहले दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद बाला रंजिश रखने लगा।

  • 2 दिसंबर की रात बाला अपने जीजा सलिल के साथ मंदिर पहुंचा और विशाल को बाहर बुलाकर गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर दोनों ने मारपीट की और गला घोंटने की कोशिश भी की।

  • पुजारी चिंटू कुशवाहा और अन्य लोगों ने बीच बचाव कर विशाल को अंदर ले जाया।

  • कुछ देर बाद बाला दोबारा मंदिर में घुसा और पास रखा लोहे का माइक स्टैंड उठाकर विशाल के सिर पर दो से तीन वार कर दिए।

  • हमले में विशाल गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए।

मृतक पुजारी की फोटो

मुख्य पुजारी का बयान

मुख्य पुजारी सुरेश दाऊ ने बताया कि विशाल को संभालने की कोशिश की जा रही थी, तभी बाला दोबारा आया और लोहे के स्टैंड से हमला कर दिया। “जब तक हम रोकते, वो दो से तीन वार कर चुका था,” उन्होंने कहा।

पुजारी की मौत के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

चचेरी बहन रजनी ने बताया, “भाई बहुत शांत स्वभाव का था। किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। पूजा-पाठ करके घर लौट आता था।”

पुलिस की कार्रवाई

बरुआसागर थाना प्रभारी राहुल राठौर के अनुसार, परिजनों की तहरीर पर बाला और उसके जीजा सलिल के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दोनों की तलाश में दबिश दे रही है। जल्द ही गिरफ्तारी होने का दावा किया गया है।

Share This Article
Leave a Comment