झांसी में पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़: महाराष्ट्र के दो अपराधी गोली लगने से घायल, तीसरे ने किया सरेंडर

क्रेशर मालिक की कार से दो लाख और लैपटॉप चोरी करने वाले तीनों बदमाश 15 घंटे में पकड़े गए, बोले—"बस एक बार अपने राज्य लौटने दो

Harsh vishwakarma
3 Min Read

झांसी। नवाबाद थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में महाराष्ट्र के दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि उनका तीसरा साथी पुलिस के सामने सरेंडर कर गया। तीनों पर सोमवार को एक क्रेशर मालिक की कार से दो लाख रुपए और लैपटॉप चोरी करने का आरोप है। मुठभेड़ के दौरान पकड़े जाने पर आरोपी पुलिस के सामने हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाने लगे और बोले कि अगर एक बार अपने राज्य लौटने दिया जाए, तो दोबारा यूपी में कदम नहीं रखेंगे।

घटना नवाबाद थाना क्षेत्र के सुकवा-ढुकवा कॉलोनी के पास जंगल की है। पुलिस को मंगलवार रात करीब 11.30 बजे सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध युवक जंगल में छिपे हुए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब उन्हें घेरने की कोशिश की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी और तीसरे ने सरेंडर कर दिया।

पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के नाम गणेश, शक्ति और विश्वनाथ हैं, जो महाराष्ट्र के निवासी हैं। घायल बदमाश गणेश और शक्ति को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि विश्वनाथ को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

जंगल में संदिग्ध युवकों की मौजूदगी की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को गिरफ्तार किया गया।

क्रेशर मालिक की कार से हुई थी चोरी
दरअसल, सोमवार रात झांसी के रामनाथ सिटी निवासी क्रेशर मालिक रोहन परेछा अपनी गाड़ी से घर लौट रहे थे। इलाइट चौराहा पर दवा लेने के लिए वे रुके, जबकि उनका ड्राइवर राम प्रकाश कार में ही बैठा था। तभी दो युवक टायर पंचर होने का बहाना बनाकर ड्राइवर को बाहर ले आए और गाड़ी से बैग में रखे दो लाख रुपए और दो लैपटॉप चोरी कर ले गए।

शिकायत मिलते ही एसपी सिटी प्रीति सिंह के निर्देश पर पुलिस और स्वाट टीम ने तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू किया और 15 घंटे के भीतर तीनों बदमाशों को दबोच लिया।

मिले कैश और दस्तावेज
पुलिस ने बताया कि बदमाशों के पास से कुल दो लाख रुपए, चोरी हुआ बैग और लैपटॉप के दस्तावेज बरामद किए गए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और महाराष्ट्र कनेक्शन की जांच कर रही है।

Share This Article
Leave a Comment