प्रयागराज शहर बुधवार रात धमाकों से दहल उठा। नैनी थाना क्षेत्र के एफसीआई चाका रोड पर बाइक सवार बदमाशों ने चार अलग-अलग जगहों पर ताबड़तोड़ बमबाजी कर दी। अचानक हुए इन धमाकों से इलाके में भगदड़ मच गई और लोग दहशत में अपने घरों में दुबक गए। बदमाशों ने चलती कार को भी निशाना बनाया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि कार सवार युवक बाल-बाल बच गया, लेकिन बम के छर्रे लगने से तीन राहगीर घायल हो गए।
बुआ के घर जा रहा था युवक, कार को बनाया निशाना
घटना बुधवार रात करीब 8 बजे की है। दारागंज निवासी और सिंचाई विभाग में बाबू धीरज कुमार मिश्रा का बेटा हर्ष मिश्रा (26) अपनी ब्रेज़ा कार से बुआ के घर चाका जा रहा था। जैसे ही वह एफसीआई चाका रोड पहुंचा, पीछे से आई R15 बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उसकी कार पर बम फेंक दिया। धमाका इतना जोरदार था कि कार का गेट क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि गनीमत रही कि हर्ष को कोई चोट नहीं आई।
धमाके में तीन लोग घायल, अस्पताल भेजा गया
बम धमाके के छर्रों से आसपास मौजूद तीन लोग—निरंजना, सनी और शिवम घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, एक बम पास के मकान की टिन शेड पर गिरा, जिससे लोगों में और ज्यादा दहशत फैल गई।
चार जगह हुई बमबाजी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाशों ने थोड़ी-थोड़ी दूरी पर कुल चार बम फेंके। पहला धमाका सेम स्टार स्कूल के पास, दूसरा नई बस्ती में, तीसरा और चौथा बांकली मां मंदिर चौरा के पास हुआ। एक बम मकान की छत पर गिरकर फटने से बच गया। लगातार हुए धमाकों ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी।

आधे घंटे बाद पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद नैनी पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन इसमें करीब आधा घंटा लग गया। पुलिस ने पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की और भीड़ को हटाया। साथ ही घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी गई है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
पुलिस की कार्रवाई, विशेष टीमें गठित
डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद यादव ने बताया कि बमबाजी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमों का गठन किया गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही बदमाशों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।
दहशत में स्थानीय लोग
लगातार चार धमाकों से इलाके में तनाव और भय का माहौल है। स्थानीय लोग कह रहे हैं कि पुलिस अगर समय पर पहुंचती तो बदमाशों को पकड़ना आसान होता। फिलहाल पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है और जांच तेज कर दी गई है।
