भास्कर संस्थान में कैनन की विशेष फोटोग्राफी कार्यशाला, छात्रों को मिला प्रोफेशनल ट्रेनिंग का अनुभव

एक्सपोजर, लाइटिंग और कंपोजिशन के साथ छात्रों को मिला प्रोफेशनल फोटोग्राफी अनुभव

Shivansh Jha
2 Min Read
Highlights
  • कैनन विशेषज्ञ अमित कुमार सक्सेना ने दिया हैंड्स-ऑन फोटोग्राफी प्रशिक्षण
  • छात्रों को कंपोजिशन, लाइटिंग और लेंस तकनीक का व्यावहारिक ज्ञान मिला
  • एक्सपोजर ट्रायंगल, ISO, अपर्चर और शटर स्पीड की गहराई से समझ
  • मोबाइल और DSLR फोटोग्राफी के अंतर पर विशेष सत्र आयोजित

झाँसी । बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के भास्कर जनसंचार एवं पत्रकारिता संस्थान में बुधवार को फोटोग्राफी प्रतिबिम्ब क्लब के संयुक्त तत्वावधान में स्नातक (UG) एवं परास्नातक (PG) के विद्यार्थियों के लिए तकनीकी फोटोग्राफी कार्यशाला का आयोजन किया गया। मल्टीमीडिया रिसर्च सेंटर में आयोजित इस कार्यशाला में कैनन इंडिया के प्रतिनिधि एवं विशेषज्ञ अमित कुमार सक्सेना ने मुख्य प्रशिक्षक के रूप में विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया।

कार्यशाला का उद्देश्य छात्रों को सैद्धांतिक ज्ञान से आगे बढ़ाकर फोटोग्राफी के व्यावहारिक और तकनीकी पहलुओं से परिचित कराना रहा। इस दौरान विशेषज्ञ ने कैनन के प्रोफेशनल कैमरों और अत्याधुनिक लेंसों का हैंड्स-ऑन प्रदर्शन करते हुए एक्सपोजर ट्रायंगल, आईएसओ, अपर्चर और शटर स्पीड के संतुलन को सरल तरीके से समझाया।

सत्र में मोबाइल फोटोग्राफी और DSLR फोटोग्राफी के बीच अंतर पर विशेष चर्चा की गई, जिससे छात्रों को पेशेवर उपकरणों की उपयोगिता का ज्ञान मिला। साथ ही लेंस के प्रकार, कैमरा कंपोजिशन और लाइटिंग तकनीकों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. कौशल त्रिपाठी ने कार्यशाला के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में पत्रकारिता और जनसंचार के छात्रों के लिए तकनीकी रूप से दक्ष होना अनिवार्य है। उन्होंने इस आयोजन को छात्रों के कौशल विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत डॉ. राघवेंद्र दीक्षित के स्वागत भाषण से हुई, जिसमें उन्होंने छात्रों को विजुअल मीडिया में करियर की संभावनाओं के प्रति प्रेरित किया। इस अवसर पर विभाग के वरिष्ठ शिक्षक डॉ. जय सिंह, डॉ. अभिषेक कुमार, अतीत विजय और चंचल मेघनानी विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिन्होंने छात्रों का उत्साहवर्धन किया। सत्र के अंत में उमेश शुक्ला द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया, जिसमें उन्होंने कैनन टीम और संस्थान के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

Share This Article
Leave a Comment