ग्रेटर नोएडा निक्की हत्याकांड: फरार जेठ और ससुर गिरफ्तार, पति पहले ही एनकाउंटर में पकड़ा गया।

दहेज और अवैध संबंधों के विवाद में जलाई गई निक्की; इंसाफ की मांग में सड़कों पर उतरे लोग, सरकार ने कड़ी कार्रवाई का दिया आश्वासन

Harsh vishwakarma
5 Min Read

ग्रेटर नोएडा। कासना थाना पुलिस ने सोमवार सुबह निक्की हत्याकांड में फरार चल रहे जेठ रोहित भाटी और ससुर सतवीर को सिरसा टोल और चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले रविवार को पुलिस ने पति विपिन और सास दया को पकड़ा था। पति को पुलिस ने एनकाउंटर के दौरान पैर में गोली मारकर दबोचा था।

यह सनसनीखेज घटना 21 अगस्त को सिरसा गांव में हुई थी। विवाहिता निक्की को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया गया था, जिसके बाद इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। शनिवार को घटना का वीडियो सामने आया, जिससे पूरे इलाके में गुस्सा फैल गया।

पेट्रोल डालकर निक्की को ज़िंदा जलाया।

दो वीडियो आए सामने, नए सवाल खड़े

पुलिस जांच में दो वीडियो मिले हैं।

  • पहले वीडियो में निक्की को जिंदा जलाए जाने के वक्त विपिन घर में मौजूद नहीं दिख रहा, जिससे संदेह गहरा गया है कि आग किसने लगाई।

  • दूसरा वीडियो 2024 का है, जिसमें विपिन एक लड़की के साथ कार में पकड़ा गया। लोगों ने उससे हाथापाई की और माफी मंगवाई।

अवैध संबंध और घरेलू कलह से तनाव

पुलिस की जांच में सामने आया कि विपिन को पत्नी निक्की और भाभी कंचन का इंस्टाग्राम पर एक्टिव रहना, बुटीक व ब्यूटी पार्लर चलाना पसंद नहीं था। इसको लेकर वह अक्सर झगड़ा करता था। वहीं, परिजनों ने बताया कि शादी के बाद ससुराल पक्ष ने 35 लाख रुपये की अतिरिक्त दहेज मांग की थी और बहनों के साथ आए दिन मारपीट होती थी।

बहन कंचन का आरोप

निक्की की बड़ी बहन कंचन ने बताया कि घटना वाले दिन पति विपिन ने निक्की के साथ मारपीट की। बचाने पर उसे भी पीटा गया और बेहोश कर दिया गया। इसके बाद विपिन ने निक्की पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। निक्की का छोटा बेटा भी यही बयान दे चुका है कि “पापा ने मम्मा पर कुछ छिड़का और फिर लाइटर से आग लगा दी।”

इंसाफ की मांग, सड़क पर उतरे लोग

घटना के बाद गांव और इलाके में आक्रोश है। शनिवार को लोगों ने कासना में पंचायत कर धरना दिया। हाथों में पोस्टर लिए लोग “जस्टिस फॉर निक्की बहन” के नारे लगा रहे थे।

निक्की हत्याकांड की जांच में पुलिस ने दोनों परिवारों के बयान दर्ज कर लिए हैं। घटना से जुड़े वीडियो फोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं। अब पुलिस 10 अहम सवालों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है—

  1. घटना के समय पति विपिन घर में था या बाहर?

  2. एफआईआर में सास और जेठ के मौजूद होने का जिक्र है, लेकिन वीडियो में केवल सास क्यों दिख रही है?

  3. आग लगने के बाद कंचन ने वीडियो तो बनाया, लेकिन पुलिस को तुरंत सूचना क्यों नहीं दी?

  4. क्या हत्या वाकई दहेज विवाद के कारण हुई या सोशल मीडिया/रील बनाने को लेकर विवाद असली वजह था?

  5. क्या निक्की की बहन कंचन की भूमिका भी इस मामले में संदिग्ध है?

  6. पुराना मारपीट वाला वीडियो अब सोशल मीडिया पर क्यों वायरल किया गया, जबकि तब समझौता हो चुका था?

  7. आगजनी के वक्त मौके पर आखिर कौन-कौन मौजूद था?

  8. झगड़े की असल वजह क्या थी?

  9. जब निक्की और कंचन को लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था, तो क्या इसकी शिकायत पुलिस में की गई थी?

  10. हत्या की साजिश पहले से रची गई थी या यह अचानक भड़के विवाद का नतीजा था?

महिला आयोग और सरकार का संकल्प

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजय किशोर रहाटकर ने आश्वासन दिया कि आयोग हर स्तर पर परिवार को न्याय दिलाने में मदद करेगा। वहीं, यूपी महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा – “यह जघन्य अपराध है, दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

विवाहिता निक्की की शादी विपिन से साल 2016 में कराई गई थी।
Share This Article
Leave a Comment