शामली में प्रेमी और भाई संग मिलकर पत्नी ने पति की हत्या, 12 घंटे में खुलासा
शामली, यूपी। कैराना कोतवाली क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां दूसरी शादी की चाह में पत्नी ने अपने प्रेमी और सगे भाई के साथ मिलकर पति का गला रेतकर हत्या कर दी। आरोपियों ने शव को कांधला रोड किनारे आम के बाग में फेंक दिया। पुलिस ने महज 12 घंटे में केस सुलझाकर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, कांधला निवासी असलम (26) की 9 साल पहले बागपत की आसमीन (24) से लव मैरिज हुई थी। तीन बच्चों के इस परिवार में पिछले छह महीनों से दरार थी। आसमीन का ईदगाह मोहल्ले के ऑटो ड्राइवर इंतजार (25) से प्रेम प्रसंग चल रहा था। असलम ने कई बार विरोध किया, लेकिन अफेयर जारी रहा। इस रिश्ते में आसमीन का भाई हारुन (30) भी शामिल हो गया और तीनों ने हत्या की साजिश रच डाली।
शनिवार शाम हारुन बहाने से असलम को कैराना बुला लाया। पत्नी और भाई ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर असलम को बेहोश कर दिया, फिर इंतजार के ऑटो में बैठाकर गला रेत दिया। शव को बाग में फेंककर आरोपी फरार हो गए।
रविवार सुबह 9:15 बजे पुलिस को लावारिस शव मिलने की सूचना मिली। मोबाइल डिटेल और सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर सच्चाई सामने आ गई। आरोपियों के फोन से आपत्तिजनक चैट और कॉल रिकॉर्ड मिले। कड़ी पूछताछ में तीनों ने जुर्म कबूल लिया।
एसपी शामली राम सेवक गौतम ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल छुरा और टेंपो बरामद कर लिया गया है। तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जा रहा है।
हाइलाइट्स:
-
9 साल पहले हुई थी लव मैरिज
-
ऑटो ड्राइवर से 6 महीने से चल रहा था अफेयर
-
पत्नी, प्रेमी और भाई ने मिलकर गला रेतकर हत्या की
-
शव को बाग में फेंककर आरोपी फरार
-
12 घंटे में पुलिस ने केस सुलझाया, सभी गिरफ्तार
वीडियो स्रोत: दैनिक भास्कर।
