लखनऊ। राजधानी लखनऊ में एक इंटर कॉलेज के छात्र को उसके सीनियर ने नशे का आदी बनाकर ब्लैकमेल किया और लाखों रुपए तथा सोने के गहने हड़प लिए। मामला गोमतीनगर स्थित मॉडर्न एकेडमी इंटर कॉलेज का है।जानकारी के अनुसार, 10वीं कक्षा का छात्र रजत सिंह अपने ही स्कूल के 12वीं के छात्र साहिल सिन्हा और उसके साथियों के जाल में फंस गया। आरोप है कि साहिल और उसके दोस्तों ने पहले दोस्ती की, फिर उसे हुक्का बार ले जाकर नशा कराया और उसका वीडियो बना लिया। इसके बाद उसी वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर लगातार रुपए और गहने मांगे गए।
कैसे फंसा छात्र रजत सिंह
-
रजत ने बताया कि आरोपी पहले उसे दोस्ती के बहाने हुक्का बार ले गए।
-
वहां नशा कराकर उसका वीडियो बना लिया गया।
-
वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 1.40 लाख रुपए नकद वसूले गए।
-
बाद में सोने के गहनों की मांग शुरू हुई।
पिस्टल दिखाकर दी गई धमकी
पीड़ित ने बताया कि साहिल सिन्हा और उसके साथी—अभिषेक बादव, अरमान सिद्दीकी, आकर्ष और युवराज—अक्सर उसे पिस्टल दिखाकर डराते थे। एक बार अरमान सिद्दीकी ने सीधे हथियार लहराते हुए धमकाया। इतना ही नहीं, आरोपी युवक थार गाड़ी (UP32 PB 1112) से उसके घर की रेकी भी किया करते थे।
मां के सवाल पर खुला राज
घर से गहने गायब होने पर जब रजत की मां ने उससे पूछताछ की, तब उसने पूरी आपबीती सुनाई। रजत ने बताया कि सोने की चेन, कंगन और सिक्कों सहित करीब 45 ग्राम गहने भी आरोपियों को दे दिए थे।
परिजनों की शिकायत पर जांच
रजत के पिता इंद्रप्रताप सिंह ने पुलिस उपायुक्त (पूर्वी), लखनऊ कमिश्नरेट को लिखित शिकायत दी है। तहरीर में पूरे घटनाक्रम का विवरण देते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इन किशोर अपराधियों पर रोक नहीं लगाई गई तो भविष्य में वे किसी बड़े अपराध में शामिल हो सकते हैं।
यह पूरा मामला अब पुलिस की जांच के दायरे में है और परिवार ने न्याय की गुहार लगाई है।
