प्रयागराज एक्सप्रेस में महिला यात्री से छेड़खानी, जीआरपी सिपाही सस्पेंड

रेलवे हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाने लगा आरोपी, वीडियो हुआ वायरल

Harsh vishwakarma
3 Min Read

रेलवे हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाने लगा आरोपी, वीडियो हुआ वायरल

प्रयागराज। प्रयागराज से नई दिल्ली जा रही प्रयागराज एक्सप्रेस में महिला यात्री से छेड़खानी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ट्रेन के स्लीपर कोच में ड्यूटी पर तैनात जीआरपी सिपाही ने सो रही युवती के साथ गलत हरकत की। युवती ने हिम्मत दिखाते हुए न केवल सिपाही को डांटा बल्कि रेलवे हेल्पलाइन पर शिकायत भी दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही आरोपी सिपाही घबरा गया और हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाने लगा। यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई। वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही रेलवे पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कॉन्स्टेबल को सस्पेंड कर दिया।

कैसे हुआ मामला?

14 अगस्त की रात एक युवती प्रयागराज से दिल्ली जा रही प्रयागराज एक्सप्रेस में अकेली सफर कर रही थी। सफर के दौरान वह अपनी सीट पर सो गई थी। इसी बीच ड्यूटी पर तैनात कॉन्स्टेबल आशीष गुप्ता उसके पास पहुंचा और गलत तरीके से छूने लगा। अचानक हरकत का एहसास होने पर युवती चौंककर उठी और जोर से डांट लगाई। उसने सिपाही को खुद से दूर किया और वहीं मौजूद अन्य यात्रियों ने भी उसका समर्थन किया।

युवती ने दिखाया साहस, तुरंत की शिकायत

घटना से घबराई नहीं बल्कि युवती ने तुरंत रेलवे हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत होते ही आरोपी सिपाही घबराने लगा और हाथ जोड़कर माफी मांगने लगा। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सिपाही कह रहा है– “माफ कर दो, मेरी नौकरी चली जाएगी।” जबकि युवती उसे फटकार लगाते हुए कहती है– “तुम्हें सिक्योरिटी के लिए रखा गया है तो ऐसे करोगे? कोई लड़की सो रही है तो उसे छुओगे? ये वर्दी तुम्हें किसलिए दी गई?”

वीडियो वायरल, कार्रवाई हुई तेज

पीड़िता ने पूरी घटना का 51 सेकेंड का वीडियो भी बनाया और पुलिस को सौंप दिया। शुक्रवार को जब यह वीडियो सामने आया तो रेलवे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी जीआरपी प्रयागराज प्रशांत वर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी कॉन्स्टेबल आशीष गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया।

कैमरे के सामने आते ही सिपाही खुद को छुपाने लगा।

यात्रियों में आक्रोश, सुरक्षा पर सवाल

ट्रेन में ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी ही यदि यात्रियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करें तो आम जनता की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा होता है। इस घटना के बाद यात्रियों में आक्रोश है और रेलवे सुरक्षा बल पर भरोसा करने को लेकर भी चर्चा हो रही है। वहीं, जीआरपी अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment