झांसी। शहर के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के गढ़िया गांव में बुधवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। यहां करंट की चपेट में आने से मां, बेटा और दादी की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम फैल गया। बताया जा रहा है कि बेटा घर के छज्जे पर सफाई कर रहा था, इसी दौरान झाड़ू पास से गुजर रहे बिजली के तार से टच हो गया।
सफाई करते वक्त लगा करंट, मां और दादी भी बचाने में झुलसीं
घटना सुबह करीब 5 बजे की है। 26 वर्षीय प्रवीण साहू घर के छज्जे पर जाले साफ कर रहा था। सफाई के दौरान झाड़ू बिजली के तार से टच हो गया, जिससे उसे करंट लग गया। बेटे को छटपटाते देख मां रंजना साहू (50) उसे खींचने के लिए दौड़ीं, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गईं। इसके बाद दादी विमला साहू (77) ने बचाने की कोशिश की तो वे भी झटके से चिपक गईं।
चीख-पुकार सुनकर बड़ी बहन दीक्षा और पड़ोसी मौके पर पहुंचे। पड़ोसियों ने डंडे की मदद से बिजली के तार को अलग किया और पुलिस को सूचना दी। तीनों को गंभीर हालत में महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घर में मची चीख-पुकार, पिता और छोटे भाई का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे के वक्त प्रवीण के पिता दया किशोर साहू और छोटा भाई हर्षित 100 मीटर दूर अपने दूसरे मकान में थे। हर्षित ने बताया, “भैया छज्जे पर सफाई कर रहे थे, तभी करंट लग गया। मां और दादी उन्हें बचाने दौड़ीं, लेकिन तीनों एक साथ चिपक गए।”
परिवार में मातम का माहौल है। बताया गया कि प्रवीण की शादी की तैयारी चल रही थी। परिवार वाले उसके लिए रिश्ता देख रहे थे। प्रवीण एमए पास था और पिता के साथ किराने की दो दुकानों को संभालता था।

एसएसपी पहुंचे मौके पर, बोले— बेहद दुखद हादसा
घटना की सूचना पर एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात की और सांत्वना दी। एसएसपी ने बताया, “यह बहुत ही दुखद घटना है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि प्रवीण छज्जे से लोहे का सरिया निकाल रहा था, जो हाईटेंशन लाइन से टच हो गया। मां और दादी उसे बचाने आईं तो तीनों करंट की चपेट में आ गए।”
तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
