फर्रुखाबाद में बड़ा विमान हादसा टला: उड़ान भरते वक्त बेकाबू होकर झाड़ियों में घुसा प्राइवेट जेट, सभी 6 लोग सुरक्षित

रनवे पर 400 मीटर दौड़ने के बाद विमान हुआ अनियंत्रित — फ्यूल टैंक डैमेज, फ्यूल लीक से मची अफरातफरी; जांच के लिए दिल्ली से टीम बुलाई गई

Harsh vishwakarma
4 Min Read

फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में गुरुवार सुबह एक बड़ा विमान हादसा टल गया। यहां ‘जेट सर्विस एविएशन प्राइवेट लिमिटेड’ का एक प्राइवेट जेट रनवे से टेकऑफ के दौरान बेकाबू होकर पास की झाड़ियों में जा घुसा। हादसे में विमान के विंग्स, फ्रंट व्हील और जेट फैन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि फ्यूल टैंक से एयरो फ्यूल लीक होने से अफरातफरी मच गई।

सौभाग्य से विमान में सवार सभी 6 लोग सुरक्षित हैं। इनमें वुडपैकर ग्रीन एंग्री न्यूट्री पैड प्राइवेट लिमिटेड के एमडी अजय अरोड़ा, वाइस प्रेसिडेंट राकेश टीकू, SBI अधिकारी सुमित शर्मा, दोनों पायलट नसीब बामल और प्रतीक फर्नांडीज, तथा एक क्रू टेक्नीशियन शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, अजय अरोड़ा अपनी टीम के साथ खिमसेपुर औद्योगिक क्षेत्र में बन रही बीयर फैक्ट्री के निर्माण कार्य का निरीक्षण करने भोपाल से आए थे। हादसा सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। हादसे और विमान की स्थिति की जांच के लिए दिल्ली से एक विशेषज्ञ टीम बुलाई गई है।

400 मीटर दौड़ने के बाद बेकाबू हुआ विमान

कंपनी के यूपी प्रोजेक्ट हेड मनीष कुमार पांडेय ने आरोप लगाया कि पायलट की लापरवाही से यह घटना हुई। उनके मुताबिक, दोनों पायलटों को पहले से पता था कि पहियों में हवा कम है, लेकिन उन्होंने उड़ान से पहले इसकी जांच नहीं की।
हवा कम होने के कारण विमान ने 400 मीटर तक रनवे पर दौड़ने के बाद नियंत्रण खो दिया और झाड़ियों में जा घुसा।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला, फायरब्रिगेड टीम और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एडीएम रविंद्र कुमार, एसडीएम रजनीकांत पांडेय और सीओ अजय वर्मा ने मौके का निरीक्षण किया।

विमान के विंग्स, फ्रंट व्हील और जेट फैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

डीएम बोले — पायलट की लापरवाही से हुआ हादसा

डीएम आशुतोष कुमार द्विवेदी ने बताया कि “विकसित भारत योजना के तहत 570 करोड़ का बीयर प्लांट लगाया जा रहा है। बुधवार को कंपनी अधिकारी 6 सीटर जेट से आए थे। आज टेकऑफ के दौरान पायलट की लापरवाही के कारण विमान रनवे से स्लिप कर गया। सौभाग्य से सभी सुरक्षित हैं।”

वुडपैकर कंपनी के एमडी बोले — अब आगरा से फ्लाइट लेकर लौटूंगा

एमडी अजय अरोड़ा ने बताया कि वे निरीक्षण के बाद भोपाल लौट रहे थे, तभी हादसा हो गया। उन्होंने कहा, “अब मैं आगरा से दूसरी फ्लाइट लेकर वापस जाऊंगा।”

FSO ने बताया — टेकऑफ से सिर्फ 25 मिनट पहले दी गई थी सूचना

फायर ब्रिगेड के FSO आशीष ने बताया कि प्राइवेट फ्लाइट के टेकऑफ से कम से कम 12 घंटे पहले सूचना देना जरूरी होता है, ताकि सुरक्षा इंतजाम किए जा सकें। लेकिन इस मामले में सिर्फ 25 मिनट पहले सूचना दी गई और फीस भी ट्रेजरी में जमा नहीं की गई थी।

मुख्य बिंदु:

  • फर्रुखाबाद में बड़ा विमान हादसा टला, सभी यात्री सुरक्षित

  • रनवे पर 400 मीटर दौड़ने के बाद बेकाबू हुआ प्राइवेट जेट

  • फ्यूल टैंक डैमेज, जांच के लिए दिल्ली से टीम रवाना

  • पायलट पर लापरवाही का आरोप — पहियों में हवा कम थी

  • प्रशासन ने जांच शुरू की, FSO ने नियमों के उल्लंघन की पुष्टि की

Share This Article
Leave a Comment