राष्ट्रीय पुस्तकालयाध्यक्ष दिवस पर बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में विशेष आयोजन

डॉ. एस. आर. रंगनाथन के योगदान पर मुख्य अतिथि प्रो. जी. एन. गौतम ने छात्रों को किया संबोधित

Shivansh Jha
2 Min Read

झाँसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान संस्थान में राष्ट्रीय पुस्तकालयाध्यक्ष दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। यह आयोजन भारत के महान पुस्तकालय वैज्ञानिक डॉ. एस. आर. रंगनाथन की जयंती के उपलक्ष्य में हुआ।

मुख्य अतिथि प्रो. जी. एन. गौतम (जीवाजी विश्वविद्यालय, ग्वालियर) ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. रंगनाथन ने पुस्तकालय विज्ञान को नई पहचान दी और लाइब्रेरियन को शिक्षक के समान दर्जा दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे बदलते तकनीकी युग की चुनौतियों के अनुरूप खुद को तैयार करें।

विशेष अतिथि प्रो. वी. पी. खरे (पूर्व संकाय सदस्य) ने आईआईटी बॉम्बे पुस्तकालय में अपने अनुभव साझा किए और वर्तमान संकाय व छात्रों के प्रयासों पर प्रसन्नता व्यक्त की। कला संकाय के डीन प्रो. मुन्ना तिवारी ने कहा कि पुस्तकालय और पुस्तकें जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं, जिनसे हर विषय का छात्र अपने भविष्य को संवार सकता है। पत्रकारिता संस्थान के समन्वयक डॉ. कौशल त्रिपाठी ने एक हिंदी दैनिक के समाचार पुस्तकालय में इंटर्नशिप के अपने अनुभव साझा कर छात्रों को प्रेरित किया।

संस्थान की विभागाध्यक्ष डॉ. ऋतु सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन डॉ. विनोद कुमार ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. रूपेंद्र सिंह ने प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर डॉ. ज्योति गुप्ता, डॉ. निधि श्रीवास्तव, सुनील कुमार, शोधार्थी अंकुर, आयुषी सहित बी.लिब एवं एम.लिब तथा आठवीं बैच के स्कॉलर्स मौजूद रहे।
आयोजन ने पुस्तकालय विज्ञान के प्रति नई ऊर्जा, जागरूकता और सम्मान का संदेश दिया।

Share This Article
Leave a Comment