झांसी-खजुराहो हाईवे पर स्लीपर बस हादसे का शिकार, जयपुर से बागेश्वर धाम जा रही थी बस, सवारियों में मची चीख-पुकार

बरुआसागर थाना क्षेत्र में डिवाइडर से टकराई बस, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को पहुंचाया अस्पताल

Harsh vishwakarma
3 Min Read

झांसी। बुधवार देर रात झांसी-खजुराहो राजमार्ग पर एक बड़ा सड़क हादसा होने से हड़कंप मच गया। जयपुर से बागेश्वर धाम जा रही स्लीपर बस बरुआसागर थाना क्षेत्र के अंतर्गत अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी मुकेश कुमार सोलंकी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया।

नियंत्रण खोने से हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्लीपर बस जयपुर से बागेश्वर धाम जा रही थी। बरुआसागर थाना क्षेत्र से गुजरते समय चालक का बस पर नियंत्रण हट गया। अनियंत्रित बस डिवाइडर से टकरा गई, जिससे यात्रियों को झटका लगा और कुछ लोग सीटों से गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया।

हालांकि, गनीमत रही कि बस की रफ्तार ज्यादा नहीं थी, वरना हादसा गंभीर रूप ले सकता था। पुलिस ने बताया कि किसी की गंभीर चोट या मृत्यु नहीं हुई है, सभी यात्री सुरक्षित हैं। कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जिनका इलाज कराया जा रहा है।

पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा

थाना प्रभारी मुकेश कुमार सोलंकी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। बस को सड़क किनारे कराया गया ताकि यातायात प्रभावित न हो। पुलिस ने बस चालक से पूछताछ की है और वाहन को क्रेन की मदद से हटवाया गया।

यात्रियों ने ली राहत की सांस

हादसे के बाद यात्रियों में भय का माहौल था। कई यात्री देर तक सदमे में रहे। स्थानीय लोगों की मदद से यात्रियों को पानी और प्राथमिक सहायता दी गई। थोड़ी देर बाद जब दूसरी बस की व्यवस्था की गई, तब सभी यात्रियों ने राहत की सांस ली।

बरुआसागर पुलिस ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है और प्राथमिक जानकारी के अनुसार हादसा चालक की लापरवाही या अचानक झपकी आने के कारण हुआ है।

Share This Article
Leave a Comment