झांसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 9 अक्टूबर (गुरुवार) को झांसी के दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वह करीब 2 घंटे 45 मिनट तक शहर में रहेंगे। सीएम यहां 20 करोड़ की लागत से बने भव्य कन्वेंशन सेंटर का उद्घाटन करेंगे और जिले के विकास कार्यों के साथ-साथ कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक भी लेंगे।
मुख्यमंत्री का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। दौरे के दौरान वह तीन प्रमुख कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सीएम योगी लखनऊ से हेलीकॉप्टर द्वारा झांसी पहुंचेंगे और कन्वेंशन सेंटर के हैलीपैड पर उतरेंगे।
तीन कार्यक्रमों में लेंगे हिस्सा
पहले चरण में मुख्यमंत्री भानी देवी गोयल इंटर कॉलेज पहुंचेंगे, जहां वे खेलकूद प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित करेंगे। इसके बाद वह राजकीय पॉलिटेक्निक मैदान में बने कन्वेंशन सेंटर का लोकार्पण करेंगे, जिसकी क्षमता 2,000 लोगों की है और जिसे 20 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है।
अंत में मुख्यमंत्री कन्वेंशन सेंटर में ही जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में वे विकास कार्यों की प्रगति, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर विस्तृत समीक्षा करेंगे।
मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
-
सुबह 10:55 बजे: सीएम योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर कन्वेंशन सेंटर के हैलीपैड पर लैंड करेगा।
-
सुबह 11:00 बजे: भानी देवी गोयल इंटर कॉलेज पहुंचकर खेलकूद समापन समारोह में शामिल होंगे।
-
दोपहर 12:00 बजे: इंटर कॉलेज से कन्वेंशन सेंटर के लिए रवाना होंगे।
-
दोपहर 12:05 बजे: कन्वेंशन सेंटर में विकास कार्यों और अपराध नियंत्रण पर समीक्षा बैठक करेंगे।
-
12:05 से 12:35 बजे तक: मुख्यमंत्री का समय आरक्षित रहेगा।
-
दोपहर 1:40 बजे: मुख्यमंत्री झांसी से जालौन (उरई) के लिए उड़ान भरेंगे।
कन्वेंशन सेंटर बना झांसी का नया आकर्षण
राजकीय पॉलिटेक्निक मैदान में तैयार यह कन्वेंशन सेंटर झांसी के सबसे आधुनिक भवनों में से एक है। यह दो हजार लोगों की क्षमता वाला एयरकंडीशन्ड हॉल है, जिसमें अत्याधुनिक साउंड सिस्टम और मल्टीफंक्शनल ऑडिटोरियम की सुविधा दी गई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
