झांसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आयोजित होने वाली सांसद खेल प्रतियोगिता का आयोजन इस बार सांसद के साथ विधायक स्तर पर भी किया जा रहा है। मंगलवार को झांसी के जीआईसी स्टेडियम में खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ भव्य मार्चपास्ट के साथ हुआ। स्कूली छात्र-छात्राओं के जोश और अनुशासन ने माहौल को उत्साह से भर दिया।
यह प्रतियोगिता झांसी-ललितपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग शर्मा की पहल पर पिछले चार वर्षों से आयोजित की जा रही है। इस बार वर्ष 2025 की सांसद-विधायक खेल प्रतियोगिता की शुरुआत हुई है। उद्घाटन कार्यक्रम में सांसद अनुराग शर्मा के साथ नगर विधायक रवि शर्मा, एमएलसी बाबूलाल तिवारी, एमएलसी रामतीर्थ सिंघल, भाजपा जिलाध्यक्ष हेमंत परिहार और जिला महामंत्री छत्रपाल सिंह राजपूत समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मार्चपास्ट और बैंड प्रस्तुति ने लूटी वाहवाही
आयोजन की शुरुआत में झांसी महानगर के राजकीय इंटर कॉलेज, हाफिज सिद्दीकी नेशनल इंटर कॉलेज, क्राइस्ट द किंग, सूरज प्रसाद बालिका विद्यालय और सनातन धर्म कन्या इंटर कॉलेज के छात्रों ने आकर्षक मार्चपास्ट किया। अनुशासित कदमताल और जोशपूर्ण प्रदर्शन से सभी मंत्रमुग्ध हो गए।
वहीं, क्राइस्ट द किंग स्कूल के छात्रों ने बैंड के साथ “सारे जहाँ से अच्छा हिंदोस्तां हमारा” की प्रस्तुति देकर पूरे मैदान में देशभक्ति का रंग घोल दिया।
सांसद बोले – बुंदेलखंड में अपार खेल प्रतिभाएं
सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि “बुंदेलखंड की धरती प्रतिभाओं से भरपूर है। हमारे बच्चों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने की पूरी क्षमता है।”
उन्होंने बताया कि इस बार झांसी और ललितपुर जिलों से करीब 1.80 लाख प्रतिभागियों ने प्रतियोगिता में रजिस्ट्रेशन कराया है।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री का उद्देश्य भी यही है कि शहरों और गांवों से उभरकर खेल प्रतिभाएं आगे आएं, और जो खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करें, उन्हें ‘खेलो इंडिया’ जैसे मंचों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
